दशमांश और नई वाचा
- परमेश्वर स्वयं सक्षम हैं और उन्हें हमारे पैसों की आवश्यकता नहीं है, तथापि वे खोई हुई आत्माएं चाहते हैं। कलीसिया का सबसे बड़ा पाप यह है कि उसने खोई हुई आत्माओं की उपेक्षा की है और प्रभु का पैसा अपने ऊपर व्यर्थ गंवाया है।
- पुराने नियम में दशमांश केवल भूमि की उपज के रूप में दिया जाता था और प्रत्येक दसवां पशु भी, जो छड़ी के नीचे से निकलता था। बढ़ई प्रत्येक दसवीं कुर्सी नहीं देता था, और मछुआरा भी पकड़ी गई मछलियों में से प्रत्येक दसवीं मछली दशमांश में नहीं देता था। यदि भूमि नहीं है तो दशमांश भी नहीं। (लैव्यव्यवस्था 27:30-32)
- दशमांश का अर्थ पैसा नहीं था, उसका अर्थ भोजन था: "सारे दशमांश भंडार में ले आओ कि मेरे भवन में भोजन वस्तु रहे।" दशमांश देने वाले अन्न, दाखमधु और पशु लाते थे, और अपने दशमांश को यरूशलेम में परमेश्वर की उपस्थिति में अपने घराने, गरीबों, अन्यजातीय सेवकों और लेवियों के साथ खाते थे। दशमांश देना परमेश्वर द्वारा की गई भलाइयों का उत्सव होता था। यहूदी प्रति वर्ष 20 प्रतिशत दिया करते थे, और प्रति तीसरे वर्ष 30 प्रतिशत दिया करते थे।
- नई वाचा के अधीन: विश्वासीगण दशमांश नहीं देते, परंतु वे अपना कर्तव्य कर्म (लैट्रिया, अर्थात आराधना) जानकर अपना सब कुछ अर्पण करते हैं (रोमियों 12:1)। मिलिकिसिदक की रीति पर राजकीय याजक होने के नाते हम लेवीय याजकों से अधिक ऊंचे पद पर हैं (1 पतरस 2:9; प्रेरितों 7:48-49)।
- हम अन्यजातीय विश्वासियों को कभी भी दशमांश देने की शिक्षा नहीं दी गई है। आप पौलुस प्रेरित की अन्यजातियों को लिखी गई पूरी पत्रियों को पढ़कर ढूंढ़िए, क्या कहीं उसने एक पैसा भी दशमांश देने के लिए लिखा है? (प्रेरितों 15:20)
- पुराने नियम का दशमांश देना परमेश्वर की ओर से नियुक्त था, कलीसिया की चंदे की पेटी मनुष्य का आविष्कार है। यदि आप इब्राहीम के नमूने पर चलें, तो आपको अपने जीवन में एक बार अपनी लूट का दशमांश देना होगा, और उसके साथ खतना कराना, बलिदान चढ़ाना और बहुविवाह भी करना होगा। (उत्पत्ति 17:10-14; 22:5-13; 25:1-6)
- नए नियम की कलीसिया का दशमांश देना "घर घर रोटी तोड़ना और आनन्द और मन की सीधाई से भोजन (दशमांश) करना था... और जो उद्धार पाते थे उन्हें प्रभु प्रतिदिन उनमें मिला देता था।" (प्रेरितों 2:46-47)
- उन पवित्र संतों को देना जो यात्रा करके खोए हुओं के पास सुसमाचार ले जाते हैं, भक्तिपूर्ण उपासना है, "जो परमेश्वर को भाता है।" प्रभु यीशु ने दशमांश देना नहीं, बल्कि भरपूरी से देने वाली उदारता सिखाई है। (1 कुरिन्थियों 16:15; रोमियों 15:16; फिलिप्पियों 4:18)
- परमेश्वर ने हमें धन कमाने की शक्ति दी है ताकि हम परमेश्वर की वाचा पूरी कर सकें, जो इब्राहीम से बांधी गई थी, कि वह अन्यजातियों के लिए आशीष ठहरेगा। भेंट चढ़ाई गई चर्बी परमेश्वर का भाग थी, और चिकनाई रहित मांस ही भक्त उपासकों का भाग था। संपत्ति हमारी "रोज की रोटी" के लिए है, जबकि अतिरिक्त बढ़ने वाला भाग (चर्बी) हमारी मीरास, अर्थात खोई हुई आत्माओं के छुटकारे के लिए है। (उत्पत्ति 12:3; व्यवस्थाविवरण 8:17-18; लैव्यव्यवस्था 3:16)
- नए नियम ने यह नहीं सिखाया कि भेड़ों के झुंड का ऊन हर हफ्ते कतरना चाहिए। पौलुस ने अकाल-ग्रसित यरूशलेम के विश्वासियों के लिए, सप्ताह के पहले दिन, दान एकत्रित करने की बात कही थी। उसने यह काम केवल एक बार करने को कहा, परंतु कोई नियम नहीं ठहराया। (1 कुरिन्थियों 16:1-4)
- यह केवल देना ही नहीं है, परंतु प्राप्त करना भी है: "दिया करो तो तुम्हें भी दिया जाएगा; लोग पूरा नाप दबा कर, और हिला हिलाकर, और उभरता हुआ तुम्हारी गोद में डालेंगे।" यहूदी अपना कर्तव्य कर्म जानकर देते थे, परंतु हम स्वतंत्र इच्छा से भेंट चढ़ाते हैं: "हर एक जन जैसा मन में ठाने वैसा ही दान करे।" (लूका 6:38; 2 कुरिन्थियों 9:7)
- यहूदी अपने उद्धार के लिए देते थे, परंतु हम अधिकाई के साथ विश्वास के बीज बोते हैं, ताकि बहुतायत के साथ आत्माओं की कटनी काटें। (2 कुरिन्थियों 9:6)
- विश्व में सुसमाचार प्रचार कभी भी "दशमांश द्वारा चलायमान" नहीं रहा। प्रेरित कभी भी धन-संपत्ति के पीछे नहीं भागे, परंतु सभी जरूरी संसाधन उनके पांवों के पास आते थे। (प्रेरितों 4:34-37; 1 पतरस 5:2; मत्ती 6:24)
- परमेश्वर की उपस्थिति में अपना दशमांश, खोए हुओं को खिलाना, और उसे यात्री सुसमाचार प्रचारकों व राजकीय याजकों को देना, यह मिलिकिसिदक की रीति पर है। यही सेवा बाइबल के अनुसार है, और इसी से सुसमाचार प्रचार का उद्देश्य और कलीसिया संरचना का तात्पर्य पूरा होता है।
शालोम,

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें