बिलाम ने अपने गधे को बोलते सुना (गिनती 21:21-35; 22:1-40; 23:1-30; 24:1-25)
बाइबल एक ऐसे गधे के बारे में बताती है, जिसने बातें की थीं (गिनती 21:21-35; 22:1-40; 23:1-30; 24:1-25) क्या आपने कभी किसी गधे को बातें करते सुना है? आप शायद कहें, ‘नहीं, मैंने तो नहीं सुना। और वैसे भी जानवर कहाँ बात करते हैं।’ मगर बाइबल एक ऐसे गधे के बारे में बताती है, जिसने बातें की थीं। लेकिन यह कैसे हो सकता है? चलिए देखते हैं। इस्राएली कनान देश पर कब्ज़ा करने के लिए बिलकुल तैयार थे। जब यह खबर मोआब देश के राजा बालाक तक पहुँची, तो वह डर गया। इसलिए उसने एक चालाक आदमी, बिलाम को बुलवा भेजा, ताकि वह जाकर इस्राएलियों को श्राप दे। राजा ने यह भी कहलाया कि इस काम के लिए वह उसे ढेर सारा पैसा इनाम में देगा। इतने बड़े इनाम के बारे में सुनकर बिलाम फौरन अपने गधे पर सवार हुआ और राजा बालाक से मिलने निकल पड़ा। लेकिन यहोवा नहीं चाहता था कि बिलाम इस्राएलियों को श्राप दे। इसलिए परमेश्वर ने बिलाम को रोकने के लिए अपना एक स्वर्गदूत भेजा। स्वर्गदूत एक लंबी तलवार लेकर बिलाम के रास्ते में आकर खड़ा हो गया। बिलाम को स्वर्गदूत दिखायी नहीं दे रहा था, लेकिन उसके गधे ने देख लिया। इसलिए गधा बार-बार स्वर्गदूत से ब...