मूसा लाल सागर पर अपनी लाठी बढ़ाए खड़ा है (निर्गमन के अध्याय 12 से 15)
देखिए तो यहाँ क्या हो रहा है! मूसा लाल सागर पर अपनी लाठी बढ़ाए खड़ा है। जो उसके साथ खड़े हैं, वे इस्राएली हैं। मगर यह क्या, फिरौन और उसकी सेना समुंदर में डूब रही है। यह सब कैसे हुआ? जैसा कि हमने पिछली कहानी में पढ़ा था, जब परमेश्वर मिस्रियों पर दसवीं विपत्ति लाया तब फिरौन ने तुरंत इस्राएलियों को मिस्र से चले जाने को कहा। सारे-के-सारे इस्राएली उसी वक्त वहाँ से चल दिए। जानते हैं वे कितने लोग थे? लगभग 6,00,000 आदमी और बहुत-सी औरतें और बच्चे। इनके अलावा दूसरे कई लोग भी, जो यहोवा को मानने लगे थे, इस्राएलियों के साथ चल दिए। वे सभी अपने साथ अपनी भेड़-बकरियों और गाय-बैलों को भी ले गए। निकलने से पहले, इस्राएलियों ने मिस्री लोगों से कपड़े और सोने-चाँदी की चीज़ें माँगी। मिस्री आखिरी विपत्ति की वजह से इतने डरे हुए थे कि इस्राएलियों ने उनसे जो कुछ माँगा, उन्होंने चुपचाप दे दिया। मिस्र छोड़ने के कुछ दिनों बाद, इस्राएली लाल सागर के किनारे पहुँचे। वहाँ उन्होंने थोड़ा आराम किया। मगर इस बीच, फिरौन और उसके आदमियों को पछतावा होने लगा कि उन्होंने बेकार में इस्राएलियों को जाने दिया। वे कहने लगे: ‘अरे, हमने क्यों अ...