Skip to main content

मिस्र से मूसा का भागना

 मिस्र से मूसा का भागना

इस आदमी को देखिए, लगता है वह कहीं से भाग रहा है। आखिर वह है कौन? वह मूसा है, जो अब बड़ा हो गया है। वह मिस्र से भागा जा रहा है। और देखिए दो आदमी उसका पीछा कर रहे हैं। वे उसे मार डालना चाहते हैं। लेकिन क्यों? चलिए पता करते हैं।

(निर्गमन 2:​11-25; प्रेरितों 7:​22-29)

आपको तो मालूम ही है कि मूसा, फिरौन के घर में पला-बढ़ा था। बड़ा होकर मूसा बहुत ही बुद्धिमान और मशहूर इंसान बना। वह जानता था कि उसके असली माँ-बाप मिस्री नहीं, बल्कि इस्राएली गुलाम हैं।

मूसा अब 40 साल का हो गया था। एक दिन उसने सोचा, क्यों न चलकर देखूँ कि मेरे लोग किस हाल में हैं। जब मूसा इस्राएलियों के पास गया, तो जानते हैं उसने क्या देखा? यही कि इस्राएलियों के साथ बहुत ही बुरा सलूक किया जा रहा है। उसकी आँखों के सामने एक मिस्री, एक इस्राएली को मार रहा था। मूसा ने इधर-उधर देखा और जब पाया कि उसे कोई नहीं देख रहा है, तो उसने मिस्री को इतनी ज़ोर से मारा कि वह मर गया। फिर मूसा ने उसकी लाश को बालू में छिपा दिया।

अगले दिन मूसा फिर अपने लोगों को देखने गया। उसने सोचा कि वह इस्राएलियों की मदद करके उन्हें मिस्र की गुलामी से छुड़ा सकता है। लेकिन जब वह वहाँ पहुँचा तो देखा कि दो इस्राएली आदमी आपस में लड़ रहे हैं। जिस आदमी की गलती थी, उससे मूसा ने कहा: ‘तुम अपने ही भाई को क्यों मार रहे हो?’

उस आदमी ने पलटकर जवाब दिया: ‘तुम क्या हमारे राजा हो, जो हमारा फैसला करने चल दिए? क्या तुम मुझे भी उस मिस्री की तरह मार डालना चाहते हो?’

यह सुनकर मूसा के होश उड़ गए। वह समझ गया कि लोगों को पता चल गया है कि उसने एक मिस्री को मारा है। जब यह खबर फिरौन तक पहुँची, तो उसने मूसा को मार डालने के लिए उसके पीछे अपने आदमी भेजे। इसी वजह से मूसा को मिस्र से भागना पड़ा।

मूसा मिस्र से भागते-भागते एक दूर देश, मिद्यान में आ गया। वहाँ वह यित्रो के परिवार से मिला। उसने यित्रो की एक बेटी, सिप्पोरा से शादी कर ली। फिर मूसा यित्रो की भेड़ों की देखभाल करने लगा। वह मिद्यान देश में 40 साल तक रहा। अब वह 80 साल का हो गया। एक दिन मूसा, यित्रो की भेड़ों को चरा रहा था कि तभी एक अजीब-सी घटना घटी। उस घटना के बाद मूसा की पूरी ज़िंदगी ही बदल गयी। क्या आप जानना चाहते हैं कि वह अजीब-सी घटना क्या थी? आइए देखें। 

क्या आप जानते है? 

  1. मूसा कहाँ पला-बढ़ा और वह अपने असली माँ-बाप के बारे में क्या जानता था?
  2. चालीस साल की उम्र में मूसा ने क्या किया?
  3. मूसा ने उस इस्राएली से क्या कहा, जो लड़ाई कर रहा था? उस इस्राएली ने पलटकर मूसा को क्या जवाब दिया?
  4. मूसा को मिस्र से क्यों भागना पड़ा?
  5. मूसा भागकर कहाँ गया और वहाँ किससे मिला?
  6. अगले 40 साल तक मूसा ने क्या किया?

क्या आप और जानते है? 

  • निर्गमन 2:​11-25 पढ़िए।

    हालाँकि मूसा ने मिस्रियों की सारी शिक्षा पायी थी, फिर भी उसने यहोवा और उसके लोगों के लिए अपनी वफादारी कैसे दिखायी? (निर्ग. 2:​11, 12; इब्रा. 11:​24)

  • प्रेरितों 7:​22-29 पढ़िए।

    मूसा ने अपने बलबूते जिस तरह इस्राएल को मिस्र की गुलामी से छुड़ाने की कोशिश की, उससे हम क्या सीखते हैं? (प्रेरि. 7:​23-25; 1 पत. 5:​6, 10)

Comments

Popular posts from this blog

पाप का दासत्व

श्राप को तोड़ना / Breaking Curses

भाग 6 सुसमाचार प्रचार कैसे करें?