तुम मुझसे भी बड़े काम करोगे

 इसकी भविष्यवाणी पुराने नियम में हो चुकी थी ।

मुख्य वचन: "जो मुझ पर विश्वास रखता है, वह भी वही काम करेगा जो मैं करता हूँ, और उससे भी बड़े काम करेगा।" (यूहन्ना 14:12) "मैं सब प्राणियों पर अपना आत्मा उंडेलूंगा।" (योएल 2:28)

आज का संदेश: यीशु ने नया वादा नहीं किया, पुराने वादे को पूरा किया।

यीशु ने जब कहा - तुम बड़े काम करोगे, तो चेले चौंक गए। पर यह बात नई नहीं थी। पुराने नियम के भविष्यवक्ताओं ने 700 साल पहले ही देख लिया था कि एक दिन परमेश्वर का काम एक व्यक्ति से निकलकर हर घर में पहुँचेगा।

आइए देखें 3 भविष्यवाणियाँ और प्रेरितों में उनकी पूर्ति ।

1. भविष्यवाणी: आत्मा सब पर आएगा - (योएल 2:28)

भविष्यवाणी: पुराने नियम में आत्मा सिर्फ 3 लोगों पर आता था - राजा, याजक, भविष्यवक्ता । योएल ने कहा - एक दिन सब पर आत्मा आएगा।

पूर्ति - प्रेरितों 2:1-4 और 5:15: पिन्तेकुस्त के दिन वही आत्मा 120 लोगों पर आया जो यीशु पर था । परिणाम क्या हुआ? यीशु हाथ रखकर चंगा करते थे, पर पतरस की तो छाया से लोग चंगे होने लगे।

एक पर जो तेल था, वह 120 पर आ गया, इसलिए काम बड़ा हो गया।

आपके लिए: वही आत्मा आज आपके घर में है। इसलिए आपके घर में भी छाया से चंगाई वाला बड़ा काम होगा।

2. भविष्यवाणी: तंबू बड़ा होगा और अन्यजाति आएंगे – (यशायाह 54:2-3)

भविष्यवाणी: "अपने तंबू को चौड़ा कर, तेरा वंश अन्यजातियों का अधिकारी होगा।"

पूर्ति - प्रेरितों 10:44 और 16:31: यीशु ने सिर्फ इस्राएल में काम किया । पर चेलों ने तंबू को बड़ा कर दिया।

- कुरनेलियुस के घर में - एक रोमी के पूरे घर पर पवित्र आत्मा उतरा।

- फिलिप्पी के दरोगा के घर में - एक रात में पूरे घराने ने उद्धार पाया।

यीशु एक को बचाते थे, चेले पूरे परिवार को बचाने लगे।

आपके लिए: आपका घर सिर्फ आपका नहीं, आपके पूरे खानदान के उद्धार का तंबू बनेगा।

3. भविष्यवाणी: बहुतों को धर्मी बनाएंगे - (दानिय्येल 12:3 और जकर्याह 8:23)

भविष्यवाणी: दानिय्येल ने कहा - "जो बहुतों को धर्म की ओर फेरते हैं वे सितारों के समान चमकेंगे।" जकर्याह ने कहा - "एक यहूदी के पीछे दस अन्यजाति लोग चलेंगे।"

पूर्ति - प्रेरितों 2:41 और 2:46: यीशु के पीछे भीड़ चलती थी, पर चेलों के पीछे तो हजारों चलने लगे।

- पतरस ने एक ही दिन में 3000 लोगों को बचाया।

- वे रोज़ घर-घर में रोटी तोड़ते थे, घर-घर कलीसिया बन गई । यीशु आराधनालय में थे, चेले घरों में पहुँच गए।

आपके लिए: पुराने नियम में कलीसिया मंदिर में थी, नए नियम में आपके घर में आ गई। आपका घर ही प्रेरितों के कामों की 29 वीं किताब है।

आज की प्रार्थना: पिता, धन्यवाद कि तूने योएल के द्वारा वादा किया और यीशु के द्वारा पूरा किया। वही आत्मा जो यीशु पर था, आज मेरे घर पर है । मेरे घर को बड़ा काम करने वाला घर बना। आमीन।

आज की घोषणा:

बोलें - "योएल की भविष्यवाणी मेरे घर में पूरी हुई है! मेरे घर पर वही आत्मा है! मेरे घर से बड़ा काम होगा - चंगाई होगी, मेरा पूरा परिवार बचेगा, और मेरा घर कलीसिया बनेगा।"

आज का कार्य:

1.  योएल 2:28 को 5 बार अपने घर में जोर से पढ़ें।

2.  अपने परिवार के 3 नामों के लिए प्रार्थना करें - जैसे प्रेरितों ने पूरे घराने के लिए की।

3.  आज अपने घर में प्रभु भोज लें और कहें - "हमारा घर परमेश्वर का तंबू है।"

Comments

Popular posts from this blog

श्राप को तोड़ना / Breaking Curses

चौथी वाणी "हे मेरे परमेश्वर, हे मेरे परमेश्वर, तू ने मुझे क्यों छोड़ दिया"

मेरा घर सब जातियों के लिये प्रार्थना का घर कहलायेगा