जब यीशु घर का मेहमान नहीं, मालिक बनता है ।
पुराना नियम - मुख्य वचन: "यहोवा के आशीर्वाद से धन मिलता है ।" (नीतिवचन 10:22)
नया नियम - मुख्य वचन: "देख, मैं द्वार पर खड़ा हुआ खटखटाता हूँ; यदि कोई मेरा शब्द सुनकर द्वार खोलेगा, तो मैं उसके पास भीतर आकर उसके साथ भोजन करूँगा ।" (प्रकाशितवाक्य 3:20)आज का
संदेश: बहुतों ने यीशु को घर में बुलाया, पर मालिक नहीं बनाया
प्रकाशितवाक्य 3:20 में यीशु बाहर खड़ा है । ध्यान दीजिए, वचन पापियों
के लिए नहीं, कलीसिया के लिए है । यीशु अपनी ही कलीसिया के
बाहर खड़ा खटखटा रहा है ।
आज बहुत से मसीही
परिवारों में यीशु मेहमान है । रविवार को बुलाते हैं, प्रार्थना के समय बुलाते हैं, फिर अपने काम में लग
जाते हैं । पर परमेश्वर चाहता है कि यीशु मेहमान नहीं, इस घर
का मालिक बने ।
मेहमान
और मालिक में क्या फर्क है?
मेहमान को हम अपनी
सुविधा से बुलाते हैं । मालिक जो चाहे वो करता है ।
जब
यीशु मालिक बनता है तो 3 चीजें बदलती हैं:
1.
निर्णय यीशु लेता है, हम नहीं, पहले हम पूछते
थे:- "मुझे क्या करना अच्छा लगता है?"
अब हम पूछते हैं - "यीशु को क्या अच्छा लगता है?" घर में टीवी क्या देखना है, बच्चों को क्या सिखाना
है, पैसों को कैसे इस्तेमाल करना है - हर फैसले के केंद्र
में यीशु होता है । 1 कुरिन्थियों 10:31 कहता है - "तुम जो कुछ भी करो, सब कुछ परमेश्वर की महिमा के लिये करो ।"
2.
घर में सफाई होती है: जब
कोई नया मालिक घर खरीदता है, तो वह सबसे पहले कचरा बाहर
निकालता है । जब यीशु मालिक बनता है, तो वह घर से लड़ाई,
गाली, नशा, अश्लीलता,
मूर्तियाँ - सब बाहर निकालता है । प्रेरितों 19:19 में जब यीशु इफिसुस में मालिक बना, तो लोगों ने
अपने जादू-टोने की किताबें लाकर जला दीं । कीमत 50,000 चाँदी
के सिक्के थी । सच्चा उद्धार सस्ता नहीं होता ।
3.
घर में भंडार खुलता है: मेहमान
खाली हाथ आता है, पर मालिक अपने भंडार के साथ आता
है । नीतिवचन 10:22 कहता है यहोवा की आशीष धन देती है । जब
यीशु सिर्फ मेहमान है तो आप अपनी ताकत से घर चलाते हैं । जब वह मालिक बनता है तो
वह अपने स्वर्गीय भंडार से आपका घर चलाता है - शांति, प्रावधान,
सुरक्षा, और संतानों की आशीष से ।
आज
अपने आप से पूछें: क्या यीशु मेरे घर के ड्राइंग रूम तक ही
है,
या किचन, बेडरूम और तिजोरी तक भी उसका अधिकार
है?
आज की
प्रार्थना: प्रभु यीशु, मुझे क्षमा कर
कि अब तक मैंने तुझे सिर्फ मेहमान बनाकर रखा । आज मैं अपने घर की चाबी तेरे हाथ
में देता/देती हूँ । आज से तू इस घर का प्रभु और मालिक है । जो तुझे पसंद नहीं,
उसे मेरे घर से निकाल दे । जो तुझे पसंद है, वह
मेरे घर में स्थापित कर । यीशु के नाम में, आमीन ।
आज की
घोषणा: आज अपने घर के हर कमरे में जाकर कहें -
"यीशु इस
घर का मालिक है! इस घर पर यीशु का राज्य है!"
आज का
काम:
1. आज अपने घर से एक ऐसी चीज निकाल दें जो यीशु को प्रसन्न नहीं करती ।
2. आज अपने परिवार के साथ बैठकर तय करें कि इस घर का एक भी फैसला बिना
प्रार्थना के नहीं होगा ।
शालोम,
Comments
Post a Comment