बाइबल में साहसी और प्रभावशाली स्त्रियाँ
1. एस्तेर - संकट के समय चुप न रहने वाली स्त्री
मुख्य बाइबिल वचन: एस्तेर 4:14
एस्तेर के सामने उसके लोगों के जीवन और मृत्यु
का प्रश्न था। उसके चाचा मोर्दकै ने उसे समझाया कि यदि वह इस समय चुप रही, तो यहूदियों के लिए किसी और उपाय से उद्धार और छुटकारा आ जाएगा, परन्तु वह और उसके पिता का घर नष्ट हो जाएगा ।
एस्तेर ने अपने पद, सुरक्षा और व्यक्तिगत जीवन की चिंता करने के बजाय परमेश्वर के लोगों के
लिए खड़े होने का निर्णय लिया। उसने उपवास और प्रार्थना के साथ राजा के सामने जाने
का साहस किया ।
सीख: जब परमेश्वर हमें किसी
विशेष समय में खड़ा होने के लिए बुलाता है, तब चुप रहना
भी एक निर्णय होता है। परमेश्वर अपने लोगों के उद्धार के लिए हमें साहसपूर्वक आगे
आने के लिए बुलाता है ।
2. दबोरा -
माता बनकर उठ खड़ी होने वाली स्त्री
मुख्य बाइबिल वचन: न्यायियों 5:7
दबोरा इस्राएल में न्याय करने वाली और
भविष्यद्वक्त्री थी । उसने स्वयं को केवल एक नेता के रूप में नहीं देखा, बल्कि इस्राएल के लोगों के लिए एक माता के समान खड़ी हुई ।
न्यायियों 5:7 में लिखा है
कि गाँवों में जीवन रुक गया था, “जब तक कि मैं दबोरा न उठी,
जब तक कि मैं इस्राएल में माता बनकर न उठी ।”
दबोरा ने संकट के समय नेतृत्व किया और बाराक को
परमेश्वर की आज्ञा के अनुसार आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया ।
सीख: सच्चा नेतृत्व केवल
अधिकार प्राप्त करना नहीं है; यह संकट में लोगों के लिए
माता-पिता के समान खड़े होने की जिम्मेदारी है ।
3. याएल -
संकट की घड़ी में निर्णायक कार्य करने वाली स्त्री
मुख्य बाइबिल वचन: न्यायियों 4:17–22;
5:24–27
याएल के विषय में न्यायियों 5:24 में कहा गया है:
“स्त्रियों में याएल धन्य होगी ।”
जब सीसरा युद्ध से भागकर याएल के तम्बू में आया, तब याएल ने परिस्थिति को समझते हुए निर्णायक कदम उठाया। उसके कार्य के
द्वारा इस्राएल के शत्रु का अंत हुआ और इस्राएल को विजय मिली ।
सीख: परमेश्वर के कार्य में
केवल अवसर को पहचानना ही पर्याप्त नहीं है; सही समय पर
साहसपूर्वक और निर्णायक कार्य करना भी आवश्यक है ।
4. अबीगैल -
बुद्धिमानी से हत्या और पाप को रोकने वाली स्त्री
मुख्य बाइबिल वचन: 1 शमूएल 25:3, 14–35
अबीगैल एक सुन्दर और बुद्धिमान स्त्री थी, जबकि उसका पति नाबाल कठोर और दुष्ट स्वभाव का था ।
दाऊद और उसके लोगों ने नाबाल तथा उसके लोगों की
रक्षा की थी । जब दाऊद ने सहायता माँगी, तो नाबाल ने
उसका अपमान किया और सहायता करने से इनकार कर दिया । इससे दाऊद क्रोधित हुआ और उसने
नाबाल के घराने के पुरुषों को मार डालने का निर्णय कर लिया ।
जब अबीगैल को इस बात का पता चला, तो उसने तुरंत भोजन और आवश्यक वस्तुएँ लेकर दाऊद से मिलने गई। उसने नम्रता
और बुद्धिमानी से दाऊद को समझाया कि यदि वह क्रोध में आकर बदला लेगा, तो निर्दोष लोगों का खून बह जाएगा और यह उसके लिए पाप होगा ।
अबीगैल की बुद्धिमानी और विनम्रता के कारण दाऊद
का क्रोध शांत हुआ । दाऊद ने स्वीकार किया कि परमेश्वर ने अबीगैल को उसे खून बहाने
और अपने हाथ से बदला लेने से रोकने के लिए भेजा था ।
सीख: एक बुद्धिमान स्त्री
केवल अपने परिवार को ही नहीं, बल्कि एक बड़े संकट को भी
रोक सकती है । बुद्धि, नम्रता और सही समय पर बोले गए शब्द
विनाश को रोक सकते हैं ।
5. तामार -
अन्याय के बीच धर्मी ठहराई गई स्त्री
मुख्य बाइबिल वचन: उत्पत्ति 38:26
तामार के साथ उसके ससुर यहूदा के परिवार में
अन्याय हुआ था । यहूदा ने अपने पुत्र सेलाह के साथ उसका विवाह कराने का वचन पूरा
नहीं किया ।
परिस्थिति सामने आने पर यहूदा ने तामार को
पहचानकर कहा:
“वह मुझ से अधिक धर्मी है, क्योंकि मैंने उसे अपने पुत्र शेलाह को नहीं दिया ।”
तामार की कहानी यह दिखाती है कि परमेश्वर उन
परिस्थितियों को भी देखता है जिनमें मनुष्य अन्याय और उपेक्षा का सामना करते हैं ।
सीख: परमेश्वर न्याय को
देखता है और मनुष्य द्वारा किए गए अन्याय के बीच भी अपने उद्देश्य को पूरा कर सकता
है ।
6. राहब -
विश्वास और साहस से भेदियों की रक्षा करने वाली स्त्री
मुख्य बाइबिल वचन: यहोशू 2:1–21;
6:22–25
राहब ने यरीहो में आए इस्राएली भेदियों को अपने
घर में छिपाकर उनकी रक्षा की। उसने उन्हें राजा के लोगों से बचाया और उन्हें
सुरक्षित निकलने में सहायता की ।
राहब को यह विश्वास हो गया था कि यहोवा ही
स्वर्ग और पृथ्वी का परमेश्वर है। उसने अपने विश्वास के कारण जोखिम उठाया और
इस्राएल के भेदियों की सहायता की ।
लाल फीते का चिन्ह:
राहब को निर्देश दिया गया था कि वह खिड़की में लाल रंग की डोरी
बाँधे, ताकि जब यरीहो पर आक्रमण हो, तब
उसके घर में रहने वाले सभी लोग सुरक्षित रखे जाएँ (यहोशू 2:18–21) ।
यहोशू 6:25 में बताया
गया है कि राहब और उसका परिवार जीवित बचाया गया ।
सीख: विश्वास केवल शब्दों
में नहीं,
बल्कि साहसपूर्ण कार्यों में भी दिखाई देता है । राहब ने विश्वास के
कारण जोखिम उठाया और अपने पूरे परिवार के उद्धार का माध्यम बनी ।
7. सारपत की विधवा - अकाल के समय परमेश्वर के जन की सेवा करने वाली स्त्री
मुख्य बाइबिल वचन: 1 राजा 17:8–16
अकाल के समय परमेश्वर ने भविष्यद्वक्ता एलिय्याह
को सारपत भेजा । वहाँ एक विधवा स्त्री मिली जिसके पास अपने और अपने पुत्र के लिए
भी बहुत कम भोजन था ।
फिर भी एलिय्याह की बात मानकर उसने अपने पास बचा
हुआ थोड़ा-सा आटा और तेल पहले परमेश्वर के जन के लिए भोजन बनाने में लगाया ।
परमेश्वर ने उसके विश्वास और आज्ञाकारिता का
सम्मान किया। अकाल के दिनों में उसके घर का आटा समाप्त नहीं हुआ और तेल भी कम नहीं
पड़ा ।
सीख: संकट और अभाव के समय
भी परमेश्वर पर विश्वास करके उसकी सेवा करना विश्वास की गहराई को प्रकट करता है ।
छोटी-सी आज्ञाकारिता भी परमेश्वर के हाथ में बड़े आशीष का माध्यम बन सकती है ।
8. हन्ना -
आँसुओं और गिड़गिड़ाहट के साथ प्रार्थना करने वाली स्त्री
मुख्य बाइबिल वचन: 1 शमूएल 1:10–18, 27–28
हन्ना अपने जीवन के गहरे दुःख को लेकर परमेश्वर
के सामने गई। उसने मन की कड़वाहट के साथ नहीं, बल्कि अपने
हृदय को परमेश्वर के सामने उण्डेलते हुए प्रार्थना की।
उसने यहोवा से पुत्र माँगा और प्रतिज्ञा की कि
यदि परमेश्वर उसे पुत्र देगा, तो वह उसे जीवन भर के लिए
यहोवा को समर्पित करेगी ।
परमेश्वर ने उसकी प्रार्थना सुनी और उसे शमूएल
नामक पुत्र दिया। हन्ना ने अपनी प्रतिज्ञा के अनुसार शमूएल को यहोवा की सेवा के
लिए समर्पित कर दिया ।
सीख: सच्ची प्रार्थना केवल
अपनी आवश्यकता माँगना नहीं है; यह अपने जीवन और प्राप्त
आशीष को परमेश्वर को समर्पित करना भी है ।
9. रूत -
निष्ठा और वाचा के समान समर्पण की स्त्री
मुख्य बाइबिल वचन: रूत 1:16–17
जब नाओमी ने रूत से वापस अपने लोगों के पास लौट
जाने को कहा, तब रूत ने उसे छोड़ने से इनकार कर दिया।
रूत ने कहा:
“जिधर तू जाएगी उधर मैं भी जाऊँगी... तेरे लोग
मेरे लोग होंगे और तेरा परमेश्वर मेरा परमेश्वर होगा ।”
रूत ने अपने भविष्य की सुरक्षा, अपनी जन्मभूमि और अपने पुराने जीवन को पीछे छोड़कर नाओमी के साथ जाने का
निर्णय लिया ।
उसकी निष्ठा और विश्वास के कारण परमेश्वर ने
उसके जीवन को एक महत्वपूर्ण उद्देश्य में उपयोग किया । वह बोअज़ की पत्नी बनी और
दाऊद के वंश में सम्मिलित हुई ।
सीख: सच्ची निष्ठा सुविधा
के समय नहीं, बल्कि कठिन परिस्थितियों में प्रकट होती है ।
रूत ने संबंध, विश्वास और परमेश्वर के प्रति समर्पण को अपने
व्यक्तिगत भविष्य से अधिक महत्वपूर्ण माना ।
10. शूनेमी स्त्री - अतिथि-सत्कार और परमेश्वर के जन का सम्मान करने वाली स्त्री
मुख्य बाइबिल वचन: 2 राजा 4:8–17
शूनेम की एक प्रतिष्ठित स्त्री ने भविष्यद्वक्ता
एलीशा को बार-बार अपने घर भोजन के लिए आमंत्रित किया । उसने पहचान लिया कि एलीशा
परमेश्वर का पवित्र जन है ।
उसने अपने पति से कहा कि हम उसके लिए ऊपर एक
छोटा कमरा बनवा दें और उसमें खाट, मेज, कुर्सी और दीपक रखें, ताकि जब वह हमारे पास आए तो वहाँ ठहर सके ।
यह केवल अतिथि-सत्कार नहीं था, बल्कि परमेश्वर के जन का सम्मान और उसकी सेवा करने की इच्छा थी ।
परमेश्वर ने उसकी निःसंतान अवस्था को देखा और
एलीशा के द्वारा उसे पुत्र की प्रतिज्ञा दी ।
सीख: अतिथि-सत्कार केवल
सामाजिक शिष्टाचार नहीं है । जब हम परमेश्वर के कार्य में लगे लोगों का प्रेम और
सम्मान के साथ स्वागत करते हैं, तो हमारी छोटी-सी सेवा भी
परमेश्वर की दृष्टि में महत्वपूर्ण हो सकती है ।

Comments
Post a Comment